बरेली में आंधी-तूफान का कहर, पूरे शहर की बिजली गुल:90 की रफ्तार से चली हवाएं, अगले 3 घंटे बेहद खतरनाक


बरेली में बुधवार देर रात अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। शहर और आसपास के इलाकों में 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आए भीषण आंधी-तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। आंधी इतनी तेज थी कि कई जगहों पर पेड़ और होर्डिंग्स गिर गए, जिससे जगह-जगह अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज गर्जना और तूफानी हवाओं को देख लोग दहशत में आ गए। मौसम विभाग का हाई अलर्ट, सतर्क रहें इन जिलों के लोग मौसम विभाग ने बरेली की स्थिति को देखते हुए गंभीर चेतावनी जारी की है। विभाग ने अगले 3 घंटे के लिए बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी और हरदोई जिलों के लिए हाई अलर्ट घोषित किया है। लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। बिजली व्यवस्था चरमराई, 7 से 8 घंटे तक गुल रहेगी आपूर्ति तेज आंधी-तूफान के कारण शहर की विद्युत व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। मुख्य अभियंता, बरेली जोन-1 ने सभी उपभोक्ताओं को सूचित किया है कि भीषण हवाओं के चलते सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत आपूर्ति को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। क्षेत्र में पेड़ों की अधिकता के कारण विद्युत लाइनों और पोलों पर उनके गिरने का भारी खतरा बना हुआ है, जिससे बड़ी क्षति हो सकती है। बिजली विभाग की टीमें सक्रिय हैं, लेकिन आपूर्ति सामान्य होने में अभी 7 से 8 घंटे का समय लग सकता है। विभाग ने उपभोक्ताओं से इस संकट की घड़ी में धैर्य रखने और सहयोग करने की अपील की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *