![]()
बभनी थाना पुलिस ने बुधवार को दहेज हत्या के आरोप में फरार चल रहे पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। बता दे कि मगरमाड़ गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पति, सास और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। उसके बाद से ही पति और ससुर फरार चल रहे थे। बभनी थाने के प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि बीते शुक्रवार की रात मगरमाड़ गांव में अर्चना देवी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला था। मृतका के मायके पक्ष ने दहेज उत्पीड़न और दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत सास-ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार सुबह मृतका के ससुर कन्हैयालाल और पति रामसजीवन को कारीडांड आश्रम मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
दहेज हत्या के आरोप में पिता-पुत्र गिरफ्तार:बभनी पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जेल भेजा गया