एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया:पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन सुरक्षा व्यवस्था जांची


जालौन में आयोजित उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा-2025 को नकलविहीन, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को परीक्षा के अंतिम दिन पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ एवं पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी तथा अन्य व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने उरई शहर के स्टेशन रोड स्थित राजकीय इंटर कॉलेज एवं गांधी इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप भर्ती परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों की तलाशी व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा कक्षों की निगरानी एवं कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम सुनिश्चित किए जाएं। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि ने भी सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा ड्यूटीरत अधिकारियों को संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के समय जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेया पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक आईपीएस डॉ. ईशान सोनी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया। निरीक्षण के बाद एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की, जिसमें परीक्षा की व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधन तथा निगरानी व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *