बदायूं में बेटी की हत्या, पिता के खिलाफ चार्जशीट:आरोपी ने गुमशुदगी की कहानी सुनाकर पुलिस को गुमराह किया


बदायूं में अपनी नाबालिग बेटी की हत्या कर शव खेत में फेंकने और पुलिस को गुमराह करने वाले पिता के खिलाफ पुलिस ने विवेचना पूरी कर चार्जशीट दाखिल कर दी है। आरोपी ने दरांती से गला रेतकर बेटी की हत्या की थी। यह मामला वजीरगंज थाना क्षेत्र के लहरा गांव का है। गांव निवासी इकरार ने अपनी 17 वर्षीय बेटी सोनम की दरांती से गला रेतकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद उसने शव को गांव के ही पूरनलाल के सरसों के खेत में फेंक दिया था। वारदात के बाद आरोपी इकरार ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी 19 दिसंबर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। उसने लगभग दस दिनों तक बेटी की गुमशुदगी की कहानी सुनाकर जांच को भटकाने का प्रयास किया। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की थी। करीब दस दिन बाद, 29 दिसंबर को सोनम का कंकाल नुमा शव सरसों के खेत में मिला। शव का काफी हिस्सा जंगली जानवर नोच चुके थे। इसके बाद पुलिस ने इकरार की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को कई संदिग्ध तथ्य मिले। संदिग्ध तथ्यों के आधार पर इकरार से गहन पूछताछ की गई। सख्ती बरतने पर वह टूट गया और उसने अपनी बेटी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे अपनी बेटी के चाल-चलन पर आपत्ति थी और घटना वाले दिन भी वह किसी युवक से मिलने गई थी। इसी के बाद उसने दरांती से उसकी हत्या कर शव खेत में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल की गई दरांती भी बरामद कर ली थी। आरोपी को जेल भेजने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की बारीकी से विवेचना की। अब न्यायालय में उसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी गई है, ताकि उसे सख्त सजा दिलाई जा सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *