![]()
शाहजहांपुर में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक साल के बच्चे ऋषभ की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, पुवायां थाना क्षेत्र के दियूरिया गांव निवासी सोनू अपने एक वर्षीय बेटे ऋषभ को सोमवार शाम बुखार आने पर पुवायां स्थित एक निजी अस्पताल ले गए थे। डॉक्टर ने बच्चे को भर्ती कर इलाज शुरू किया। रात में ऋषभ की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे सरकारी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृत्यु के बाद परिजनों ने निजी अस्पताल पहुंचकर डॉक्टर और स्टाफ पर गलत इलाज करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि यदि डॉक्टर बच्चे का इलाज करने में सक्षम नहीं थे, तो उन्हें समय रहते दूसरे अस्पताल में रेफर करना चाहिए था। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल ने इलाज जारी रखा, जिससे बच्चे की हालत बिगड़ती चली गई। उन्होंने ऋषभ की मौत के लिए अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ को जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी आरके रावत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान बच्चे की मौत:शाहजहांपुर में परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप