लखनऊ के न्यू गणेशगंज में श्रीकृष्ण छठी उत्सव:डिजिटल झांकी में बरसाना की होली; भक्तिमय गीतों पर भजन प्रस्तुतियां हुईं


लखनऊ के अमीनाबाद रोड स्थित न्यू गणेशगंज में मित्तल परिवार की ओर से श्रीकृष्ण छठी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। शहर की एकमात्र डिजिटल मूविंग जन्माष्टमी झांकी में इस बार बरसाना की होली का जीवंत दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा। राधा-कृष्ण, गोपियों और ग्वाल-बालों ने होली के मस्ती भरे गीतों पर नृत्य किया। रंग-गुलाल और पिचकारियों से होती रंगों की बौछार ने भक्तों को बरसाना की होली का अहसास कराया। झांकी संयोजक अनुपम मित्तल ने बताया कि सांस्कृतिक मंच पर राधा-कृष्ण की फूलों की होली के साथ रोहित ग्रुप ने भक्तिमय गीतों पर रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम की शुरुआत ‘आज बृज में होली रे रसिया, होली खेले रघुवीरा अवध में…’ गीत से हुई। राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों ने भक्तों के साथ फूलों की होली खेली। इससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। 20 फीट ऊंची दही हांडी फोड़ी उत्सव में 20 फीट ऊंची दही हांडी प्रतियोगिता भी हुई। खालसा ग्रुप की टीम ने दही हांडी फोड़कर प्रतियोगिता अपने नाम की। नृत्य-गायन स्पर्धा में रिया यादव प्रथम, परी श्रीवास्तव द्वितीय और शिवांशी तृतीय स्थान पर रहीं। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति की ओर से विजेता बच्चों, प्रतिभागियों और दही हांडी विजेता टीम को स्मृति चिन्ह व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। गणेश वंदना से मयूर नृत्य तक सांस्कृतिक संध्या के दूसरे चरण में रोहित ग्रुप ने गणेश वंदना, शंकरजी का तांडव, ‘हनुमानजी का राम से बड़ा राम का नाम’ और राधा-कृष्ण के मयूर नृत्य पर आधारित नृत्य नाटिकाएं प्रस्तुत कीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। डिजिटल झांकियों में दिखी कृष्ण लीलाएं डिजिटल मूविंग झांकी में राधा और गोपियां श्रीकृष्ण के साथ होली खेलती नजर आईं। ग्वाल-बाल रंग-गुलाल उड़ाते और पिचकारियों से रंगों की बौछार करते दिखे। इसके अलावा झूला झूलते राधा-कृष्ण, बाबा अमरनाथ, हनुमानजी के हृदय में राम-सीता, बंदर का खेल दिखाता मदारी, सांप का नाच दिखाता सपेरा और माखन चोरी करने पर कान्हा को छड़ी लेकर दौड़ाती माता यशोदा की झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। शिवलिंग से गंगा अवतरण पर बनाया गया सेल्फी कॉर्नर भी भक्तों को खूब पसंद आया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *