पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से मुख्य आरोपी घायल:हरदोई में अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार, चोरी की बाइकें बरामद


हरदोई के पचदेवरा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और वाहन चोरों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक शातिर बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके तीन साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिलें, वाहन काटने के उपकरण और अवैध हथियार बरामद किए हैं। मामले की शुरुआत शाहाबाद क्षेत्र से हुई, जहां 31 मई को मंडी समिति के पास से नेकराम की मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से चोरों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चांदपुर मोड़ के पास स्थित एक बाग में कुछ लोग चोरी की मोटरसाइकिलों को काट रहे हैं। सूचना पर पचदेवरा पुलिस ने शनिवार आधी रात के बाद इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस के पहुंचते ही बदमाशों ने खुद को घिरा देख फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी नूर मोहम्मद उर्फ जरैन्द के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। मौके से पुलिस ने उसके तीन साथियों—राजपाल, वीरसिंह और शिवनाथ—को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी शाहजहांपुर जिले के निवासी बताए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से अंतरजनपदीय वाहन चोरी गिरोह चलाते थे। उन्होंने लोनार और शाहाबाद क्षेत्र के बाजारों, गल्ला मंडियों तथा मेलों से करीब नौ अन्य मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात भी कबूल की है। पुलिस के अनुसार, नूर मोहम्मद और शिवनाथ का आपराधिक इतिहास भी रहा है। नूर मोहम्मद के खिलाफ शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी और फर्रुखाबाद में चोरी, लूट समेत करीब 12 मुकदमे दर्ज हैं। उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। वहीं शिवनाथ के खिलाफ सात आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें, एक खुली हुई बाइक, वाहन काटने के उपकरण, एक तमंचा, चार मोबाइल फोन, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष राकेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक राकेश यादव, चौकी प्रभारी अनिल कुमार तथा कांस्टेबल आदित्य, रजत, विजय समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *