झूला-झूलते समय गले में फंदा कसने से किशोर की मौत:रायबरेली में खेत में धान की नर्सरी की रखवाली करने गया था


रायबरेली के महाराजगंज थाना क्षेत्र में धान की नर्सरी की रखवाली कर रहे 12 वर्षीय किशोर की झूला झूलते समय दर्दनाक मौत हो गई। जंगली बबूल के पेड़ पर डाले गए झूले की रस्सी गले में फंसने से उसकी जान चली गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
महाराजगंज थाना क्षेत्र के गंगापुर खेखरुआ गांव निवासी राजकुमार शुक्ला का 12 वर्षीय बेटा आयुष खेत के पास मौजूद एक जंगली बबूल के पेड़ पर रस्सी डालकर झूला झूल रहा था। बताया जा रहा है कि वह धान की नर्सरी की रखवाली करने के लिए खेत पर गया था। झूला झूलने के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान झूले की रस्सी का फंदा उसके गले में कस गया और वह उसी अवस्था में लटक गया। कुछ देर बाद आसपास मौजूद लोगों की नजर उस पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल उसे नीचे उतारा और इलाज के लिए सिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। महाराजगंज थाना प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *