![]()
मथुरा के भूतेश्वर अखाड़े में शुक्रवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आने-जाने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से कई राउंड फायरिंग कर दी। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन गोली चलने से अखाड़े में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी रिवॉल्वर जब्त कर ली है। शहर कोतवाली क्षेत्र की कृष्णा नगर चौकी के अंतर्गत भूतेश्वर अखाड़े पर शुक्रवार रात करीब 9 बजे यह घटना हुई। पुलिस के मुताबिक, शेरगढ़ थाना क्षेत्र के सेही गांव निवासी दिनेश वशिष्ठ अपनी स्कॉर्पियो से अखाड़े पहुंचा था। यहां गोविंदपुर गोपालपुरा निवासी करन से अखाड़े में आने-जाने को लेकर विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कहासुनी बढ़ने पर दिनेश ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली और कई राउंड फायरिंग कर दी। अचानक गोली चलने से अखाड़े में मौजूद पहलवान और अन्य लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ ही देर में मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। 2 तस्वीरें देखिए- पुलिस ने आरोपी को दबोचा, सीसीटीवी खंगाले जा रहे सूचना मिलते ही कोतवाली और कृष्णा नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर 6 खाली कारतूस बरामद किए। आरोपी दिनेश वशिष्ठ को हिरासत में लेकर उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर भी कब्जे में ले ली गई है। कृष्णा नगर चौकी प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद फायरिंग हुई थी। वहीं, कोतवाल विनोद बाबू मिश्रा ने कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Source link
भूतेश्वर अखाड़े पर फायरिंग, आरोपी पकड़ा गया:आने-जाने को लेकर विवाद हुआ, कई राउंड गोली चली; 6 खोखा बरामद