सचिन प्रजापति | प्रयागराज2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

यूपी बोर्ड की वर्ष 2026 की हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट एवं कम्पार्टमेंट तथा इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पात्र परीक्षार्थी 8 जून से 27 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी और अंतिम तिथि 27 जून की मध्यरात्रि 12 बजे निर्धारित की गई है।
यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने बताया कि हाईस्कूल के उन विद्यार्थियों को इम्प्रूवमेंट परीक्षा का अवसर दिया गया है जो किसी एक विषय में अनुत्तीर्ण हुए हैं। ऐसे छात्र अपने एक विषय में पुनः परीक्षा देकर अंक सुधार सकते हैं। वहीं कम्पार्टमेंट परीक्षा के तहत दो विषयों में अनुत्तीर्ण छात्र केवल किसी एक विषय की परीक्षा देने के पात्र होंगे। हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट एवं कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए 256.50 रुपये परीक्षा शुल्क निर्धारित किया गया है।

इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए भी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मानविकी, विज्ञान और वाणिज्य वर्ग के विद्यार्थी किसी एक विषय में कम्पार्टमेंट परीक्षा दे सकेंगे। वहीं व्यवसायिक वर्ग के ट्रेड विषय के किसी एक प्रश्नपत्र में अनुत्तीर्ण परीक्षार्थी भी इस परीक्षा में शामिल होने के पात्र होंगे। इंटर कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए 306 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित परीक्षा शुल्क को कोषागार में चालान के माध्यम से जमा करना होगा। इसके बाद अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन पत्र डाउनलोड कर उसकी प्रति तथा चालान की मूल प्रति निर्धारित समय तक जमा करनी होगी। आवेदन से संबंधित दस्तावेज अंतिम तिथि के बाद तीन दिनों के भीतर संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय को रजिस्टर्ड डाक से भेजना अनिवार्य होगा।
सचिव ने बताया कि जिन परीक्षार्थियों को लिखित और प्रयोगात्मक दोनों भागों में असफलता मिली है, उन्हें दोनों परीक्षाओं में शामिल होना होगा। जबकि किसी एक भाग में अनुत्तीर्ण विद्यार्थी केवल उसी भाग की या इच्छा अनुसार दोनों भागों की परीक्षा दे सकते हैं। परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा बाद में अलग से की जाएगी।
