पीलीभीत में दो पुलिस उपाधीक्षकों का तबादला:दीपक चतुर्वेदी, प्रतीक दहिया गैर-जनपद भेजे; राजकमल, राहुल पांडेय को नई कमान


उत्तर प्रदेश शासन ने कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बड़ा फेरबदल किया है। इसी क्रम में पीलीभीत में तैनात दो पुलिस उपाधीक्षकों (सीओ) का गैर-जनपद तबादला कर दिया गया है, जबकि उनके स्थान पर दो नए अधिकारियों को जिले में तैनात किया गया है। जानकारी के अनुसार, पीलीभीत में लंबे समय से सीओ सिटी रहे दीपक चतुर्वेदी का तबादला हापुड़ जिले में किया गया है। वहीं, सीओ पूरनपुर के पद पर तैनात प्रतीक दहिया को कमिश्नरेट में नई जिम्मेदारी दी गई है।
सीओ दीपक चतुर्वेदी ने पीलीभीत में अपने करीब 3 साल के कार्यकाल के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और संवेदनशील घटनाओं को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सीओ प्रतीक दहिया ने पीलीभीत में ही अपनी अंडर-ट्रेनिंग पूरी की थी। ट्रेनिंग के बाद उन्हें पहले बीसलपुर और फिर पूरनपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। घटनाओं की संवेदनशीलता को समझते हुए त्वरित कार्रवाई करना उनकी कार्यशैली की पहचान रही। इन दोनों अधिकारियों के स्थान पर शासन ने पीलीभीत में दो नए पुलिस उपाधीक्षकों की तैनाती की है। चित्रकूट से राजकमल और सोनभद्र से राहुल पांडेय को पीलीभीत भेजा गया है। इन नए अधिकारियों को जल्द ही सर्किल (सिटी, पूरनपुर या बीसलपुर) की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। स्थानीय पुलिस प्रशासन को उम्मीद है कि ये अधिकारी भी जिले की कानून व्यवस्था को मजबूत करने में योगदान देंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *