Nepal National Arrested With Explosives at India-Nepal Border

पीलीभीत3 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को एक बड़ी सफलता मिली है। एसएसबी के जवानों ने पीलीभीत के सीमावर्ती क्षेत्र से एक नेपाली नागरिक को लगभग 250 ग्राम इंडस्ट्रियल विस्फोटक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी नेपाल में अवैध रूप से प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। इस घटना के बाद सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान कंधई राना के रूप में हुई है, जो नेपाल के थाना बिलौरी अंतर्गत ग्राम परसिया का निवासी है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि वह उत्तराखंड के श्रीनगर स्थित धारी देवी क्षेत्र में एक ओवरब्रिज निर्माण स्थल पर मजदूर के रूप में काम कर रहा था और पिछले डेढ़ महीने से वहीं रह रहा था।

बुधवार को आरोपी उत्तराखंड से सीधे माधोटांडा सीमावर्ती क्षेत्र पहुंचा। वह शारदा नदी के कल्लू घाट के रास्ते अवैध रूप से नेपाल सीमा पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान, सीमा पर तैनात एसएसबी जवानों ने संदेह के आधार पर उसे रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से दो छड़ों के रूप में लगभग 250 ग्राम इंडस्ट्रियल विस्फोटक पदार्थ बरामद हुआ।

एसएसबी ने तुरंत विस्फोटक जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए माधोटांडा पुलिस को सौंप दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए, पुलिस, एटीएस (एंटी टेररिस्ट स्क्वाड) और अन्य खुफिया एजेंसियां देर रात तक आरोपी से गहन पूछताछ करती रहीं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि विस्फोटक कहां से प्राप्त किया गया था और इसका उद्देश्य क्या था।

पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बताया, “एसएसबी ने इंडस्ट्रियल विस्फोटक पदार्थ के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा है। आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना एटीएस और अन्य संबंधित एजेंसियों को दे दी गई है। मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है।”

थाना प्रभारी अशोक पाल के अनुसार, बरामद विस्फोटक के संबंध में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *