तहसीलदार की मां एक माह से लापता:हरदोई पहुंचे अभिनेता फैजल खान ने सहयोग की अपील की, जानकारी देने पर 2.51 लाख रुपए का इनाम


हरदोई के शाहाबाद तहसील में तैनात तहसीलदार संध्या यादव की मां लल्ली देवी पिछले एक माह से अधिक समय से लापता हैं। परिवार उनकी तलाश में लगातार प्रयास कर रहा है। इसी सिलसिले में आयोजित एक प्रेस वार्ता में अभिनेता फैजल खान ने भी लोगों से सहयोग की अपील की। परिवार ने लल्ली देवी की सुरक्षित जानकारी देने या उन्हें सकुशल घर पहुंचाने वाले व्यक्ति को 2 लाख 51 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। तहसीलदार संध्या यादव ने बताया कि उनकी मां लल्ली देवी 30 अप्रैल 2026 को लखनऊ के अर्जुनगंज-अहिमामऊ क्षेत्र स्थित एक मंदिर में दर्शन करने गई थीं। मंदिर से निकलने के बाद वह रास्ता भटक गईं और तब से उनका कोई पता नहीं चल सका है। मामले में लखनऊ में गुमशुदगी दर्ज कराई गई है और पुलिस के साथ परिवार भी लगातार तलाश में जुटा हुआ है। मानवीय आधार पर सहयोग करने की अपील परिजनों के अनुसार लल्ली देवी की लंबाई लगभग पांच फीट है। उन्हें अंतिम बार लाल साड़ी और हरी चूड़ियों में देखा गया था। उनकी पहचान का एक महत्वपूर्ण चिन्ह बाएं हाथ पर बना ‘लल्ली देवी’ और ‘रामधारी’ नाम का टैटू है। परिवार ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को उनके संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस या परिजनों को सूचित करें। अभिनेता फैजल खान ने भी लोगों से मानवीय आधार पर सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लल्ली देवी के बारे में कोई जानकारी मिले तो वह तुरंत परिवार तक सूचना पहुंचाए, ताकि उन्हें सुरक्षित घर लाया जा सके। संपत्तियों की देखरेख के लिए हरदोई पहुंचे- फैजल खान इस दौरान फैजल खान ने शाहाबाद आने का कारण भी बताया। उन्होंने कहा कि शाहाबाद क्षेत्र के अख्तियारपुर और दिलावरपुर गांव में उनके परिवार की लगभग 120 बीघा पैतृक कृषि भूमि और बागान हैं। वह इन संपत्तियों की देखरेख के लिए हरदोई आए हैं और भविष्य में खेती तथा फार्मिंग से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाना चाहते हैं। अपने निजी जीवन से जुड़े सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि एक समय उन्हें मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जाने की चर्चाएं हुई थीं, लेकिन अदालत ने उन्हें पूरी तरह सामान्य घोषित किया था। उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित फिल्म सिटी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और फिल्म उद्योग को नई दिशा मिलेगी। आमिर खान के शाहाबाद आने की संभावना पर पूछे गए सवाल के जवाब में फैजल खान ने हल्के अंदाज में कहा, “वो कोई गाय-भैंस तो हैं नहीं कि पकड़कर ले आऊं, जब मन होगा खुद आ जाएंगे।” उनकी इस टिप्पणी पर मौजूद लोगों में हल्की मुस्कान भी देखने को मिली।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *