![]()
देवरिया में नौकरी दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई की है। इस मामले में गिरफ्तार स्टेनो और हेड कांस्टेबल को रविवार रात निलंबित कर दिया गया। महुआडीह थाना क्षेत्र के रामपुर दुबे गांव निवासी सेवानिवृत्त सैनिक प्रशांत कुमार द्विवेदी ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में उनकी मुलाकात पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात स्टेनो अफजल खान और सिपाही दीपक सिंह से हुई थी। आरोप है कि दोनों ने उन्हें पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 15 लाख रुपये की मांग की। प्रशांत कुमार द्विवेदी ने आरोपियों पर भरोसा करते हुए 3 दिसंबर 2024 को सिपाही दीपक सिंह की पत्नी साक्षी सिंह के बैंक खाते में पहले पांच लाख रुपये और बाद में दस लाख रुपये ट्रांसफर किए। आरोप है कि पैसे लेने के बाद आरोपियों ने लंबे समय तक नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया, लेकिन न तो नौकरी मिली और न ही पैसे वापस किए गए। पीड़ित के अनुसार, बाद में साक्षी सिंह ने 29 अक्टूबर 2025 को एक लाख रुपये का चेक दिया, जो खाते में पर्याप्त धनराशि न होने के कारण बाउंस हो गया। जब प्रशांत द्विवेदी अपनी पत्नी के साथ पैसे मांगने दीपक सिंह के घर पहुंचे, तो दीपक सिंह, उनकी पत्नी साक्षी सिंह और स्टेनो अफजल खान ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद प्रशांत कुमार द्विवेदी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सदर कोतवाली में दीपक सिंह, उनकी पत्नी साक्षी सिंह और स्टेनो अफजल खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को दीपक सिंह और अफजल खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने रविवार रात दोनों गिरफ्तार आरोपियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Source link
15 लाख ठगने वाले स्टेनो और हेड कांस्टेबल निलंबित:एसपी ऑफिस में तैनात थे, रिटायर्ड फौजी को दिया था नौकरी का झांसा