![]()
उन्नाव के सोहरामऊ थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव में बुधवार को एक किसान का शव घर के बाहर छज्जे से लटका मिला। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों और ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान शेखपुर गांव निवासी 55 वर्षीय हरिशंकर यादव पुत्र भुइयादीन के रूप में हुई है। वह खेती-किसानी के साथ गांव में चाय-नाश्ते की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों ने बताया कि हरिशंकर लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे, जिसके कारण वह मानसिक तनाव में रहते थे। सुबह ग्रामीणों ने हरिशंकर का शव घर के बाहर छज्जे से लटका देखा। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। परिजनों ने शव को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। सोहरामऊ थाना पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई की। मृतक के भांजे रामविलास ने बताया कि हरिशंकर कई वर्षों से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। बीमारी के कारण वे अत्यधिक परेशान रहते थे और इसी मानसिक तनाव के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। रामविलास ने यह भी स्पष्ट किया कि हरिशंकर का किसी से कोई विवाद नहीं था। हरिशंकर अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद से परिजनों में गहरा शोक है और गांव में भी गम का माहौल बना हुआ है। मृतक के भांजे रामविलास ने प्रशासन और सरकार से परिवार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की है। उन्होंने कहा कि परिवार गरीब है और कमाने वाले सदस्य के निधन से उन पर संकट आ गया है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों की ओर से किसी प्रकार का आरोप नहीं लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
उन्नाव में किसान का शव फंदे पर लटका मिला:बीमारी से परेशान होकर उठाया आत्मघाती कदम