कुशीनगर पुलिस ने 453 नेपाली नागरिकों को मुक्त कराया:पुलिस कार्रवाई में नेटवर्किंग फ्रॉड में फंसे, यूपी सरकार का आभार जताया


कुशीनगर पुलिस द्वारा 453 नेपाली नागरिकों को अंतरराष्ट्रीय ठगी गिरोह के चंगुल से मुक्त कराने पर नेपाल सरकार ने सराहना की है। नई दिल्ली स्थित नेपाल दूतावास ने उत्तर प्रदेश सरकार, यूपी पुलिस और कुशीनगर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया है। दूतावास द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, भारतीय सीमावर्ती क्षेत्रों में नेपाली नागरिकों के श्रम शोषण और ठगी की सूचना मिली थी। इसके बाद भारतीय एजेंसियों, उत्तर प्रदेश पुलिस और गैर-सरकारी संगठन KIN इंडिया के सहयोग से एक संयुक्त अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत कुशीनगर जिले के विभिन्न स्थानों पर की गई पुलिस कार्रवाई में नेटवर्किंग फ्रॉड के जाल में फंसे कुल 453 नेपाली नागरिकों को मुक्त कराया गया। इनमें 338 पुरुष और 115 महिलाएं शामिल थीं। सभी मुक्त कराए गए नागरिकों को सुरक्षित पुलिस संरक्षण में रखा गया और आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें उनके घरों तक पहुंचाया गया। इस मामले में कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर आगे की जांच की गई। नेपाल दूतावास ने अपने बयान में कहा कि इस सफल अभियान में उत्तर प्रदेश सरकार, उत्तर प्रदेश पुलिस, नेपाल पुलिस और सहयोगी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दूतावास ने नेपाली नागरिकों की सुरक्षा और संरक्षण के प्रयासों के लिए विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया है। गौरतलब है कि हाल ही में कसया क्षेत्र में संचालित एक कंपनी द्वारा नौकरी, पढ़ाई और नेटवर्क मार्केटिंग का झांसा देकर नेपाल के युवाओं को बंधक बनाने का मामला सामने आया था। कुशीनगर पुलिस, एसटीएफ और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई कर इस गिरोह का भंडाफोड़ किया था। नेपाल दूतावास ने अपने नागरिकों से विदेश में रोजगार या अन्य आकर्षक प्रस्तावों के नाम पर होने वाले प्रलोभनों से सतर्क रहने की अपील की है। कुशीनगर पुलिस की इस कार्रवाई को भारत-नेपाल सहयोग का एक महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *