प्रतापगढ़ में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर:युवक की मौत, एक घायल; तेरहवीं का कार्ड देकर लौट रहे थे घर


प्रतापगढ़ में मंगलवार दोपहर पृथ्वीगंज-दुर्गागंज रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक सवार घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के बकुलाही गांव निवासी रमेश कुमार शर्मा (32) पुत्र अवध नारायण शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रमेश अपनी दादी के निधन के बाद आयोजित होने वाली तेरहवीं के निमंत्रण कार्ड देने ससुराल गए थे और वहां से वापस घर लौट रहे थे। बताया गया कि दोपहर करीब 1:30 बजे रमेश अपनी अपाची बाइक से दो बच्चियों के साथ घर आ रहे थे। उगईपुर बाजार के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पल्सर बाइक से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रमेश सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर व पैर में गंभीर चोटें आईं। बाइक पर सवार दोनों बच्चियों को मामूली चोटें आईं और वे सुरक्षित हैं। वहीं पल्सर बाइक सवार युवक भी घायल हुआ है, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने रमेश कुमार शर्मा को मृत घोषित कर दिया। घायल दूसरे युवक का उपचार कराया जा रहा है। सूचना मिलने पर थाना देल्हूपुर पुलिस और शनिदेव चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर चौकी पर खड़ा करा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राधे श्याम ने बताया कि दुर्घटना में घायल अज्ञात पल्सर सवार की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिजनों से तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *