![]()
पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र के नवादिया सुल्तानपुर गांव में सोमवार शाम पुरानी रंजिश के चलते दो पड़ोसी पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पक्ष के आठ लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गांव के कुलवीर सिंह और सुखचैन सिंह पड़ोसी हैं। करीब 5-6 दिन पहले पूरनपुर कस्बे में कुलवीर सिंह के भतीजे अंशप्रीत सिंह और बहन के लड़के मनरूप सिंह (निवासी ग्राम बरी बरा, थाना बंडा, शाहजहांपुर) की सुखचैन सिंह के बेटे हरप्रीत सिंह महल से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इस मामूली विवाद के बाद से ही दोनों पक्षों में तनाव था। सोमवार शाम करीब 5 बजे इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों के कई लोग अपने-अपने घरों पर इकट्ठा हुए और आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। फायरिंग में कुलवीर सिंह पक्ष के सतेन्द्रपाल सिंह, सुखदेव सिंह और दलजीत सिंह छर्रे लगने से घायल हो गए। हालांकि, तीनों की चोटें सतही बताई जा रही हैं और कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। पुलिस ने सुखचैन सिंह पक्ष के आठ लोगों को हिरासत में ले लिया है। गजरौला थाना अध्यक्ष ब्रजवीर सिंह ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और कानून व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। इस संबंध में थाना गजरौला में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पीलीभीत में दो पक्षों में फायरिंग का VIDEO:छत पर असलहा लिए खड़ा नजर आया युवक, 3 लोग घायल, 8 को पुलिस ने उठाया