यूपी बोर्ड की 2 लाख कॉपियों का हुआ मूल्यांकन:संभल में पांच केंद्रों पर 1000 परीक्षक, 24 घंटे CCTV निगरानी में होगा कार्य


यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं समाप्त होने के बाद अब उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। संभल जिले में दो लाख से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के लिए पांच केंद्र बनाए गए हैं। इन मूल्यांकन केंद्रों की 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। जनपद संभल के डीआईओएस सर्वेश कुमार ने बताया कि मूल्यांकन केंद्र के खुलने और बंद होने की जानकारी रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य होगा। निष्पक्ष मूल्यांकन सुनिश्चित करने के लिए एक हजार से अधिक परीक्षकों की तैनाती की जाएगी। इसके अतिरिक्त, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल भी तैनात रहेगा, जबकि कंट्रोल रूम से पूरे मूल्यांकन कार्य की निगरानी की जाएगी। मूल्यांकन कार्य 18 मार्च से 01 अप्रैल तक चलेगा।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित की गई थीं। संभल जनपद में कुल 51,432 परीक्षार्थी थे, जिनमें इंटरमीडिएट के 27,786 और हाईस्कूल के 23,646 छात्र शामिल थे। इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन इंटरमीडिएट कॉलेज बहजोई और एसएम इंटर कॉलेज चंदौसी में होगा। वहीं, हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच शंकर भूषण शरण जनता इंटर कॉलेज संभल, हीरा देवी तोताराम कन्या इंटर कॉलेज बहजोई और आचार्य मुक्तेश हकीम रहीस इंटर कॉलेज में की जाएगी। सभी परीक्षकों को विभाग की ओर से परिचय पत्र जारी किए जाएंगे। डीआईओएस सर्वेश कुमार ने आगे बताया कि बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार, सभी केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगा। उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित रखने वाले कमरों की भी 24 घंटे सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए मूल्यांकन केंद्रों पर किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *