![]()
बाजार शुकुल थाना के सामने स्थित करोड़ों रुपए मूल्य की जमीन को लेकर विवाद अब आपराधिक मामले में बदल गया है। बंद दुकान में सेंध लगाकर कब्जे की कोशिश और विरोध करने पर फायरिंग किए जाने के आरोप के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। भटपुरवा निवासी निर्मला देवी पत्नी शिव कुमार शर्मा की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के अनुसार, गाटा संख्या 813 स्थित उनकी दुकान में कुछ लोगों ने पीछे से सेंध लगाकर जबरन प्रवेश किया और कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित रूप से फायरिंग की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित परिवार ने जान बचाकर वहां से भागने का आरोप लगाया है। घटना की खास बात यह है कि विवादित संपत्ति बाजार शुकुल थाना परिसर के ठीक सामने स्थित है। ऐसे में घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और पुलिस निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना प्रभारी विवेक वर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। वहीं मुख्य आरोपी ओम सिंह फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
Source link
अमेठी में थाने के सामने फायरिंग, 3 गिरफ्तार:मुख्य आरोपी फरार, जमीन कब्जा करने के विरोध में वारदात