![]()
लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र में प्रॉपर्टी कारोबारी संदीप सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में एसटीएफ और पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि यह हत्या अचानक नहीं हुई थी, बल्कि करीब पांच महीने पहले जमीन विवाद के बाद इसकी साजिश रच दी गई थी। मामले में मुख्य साजिशकर्ता दिनेश कुमार यादव और उसके ड्राइवर मुकर्रबीन उर्फ मुबीन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि वारदात को अंजाम देने वाले दोनों शूटर अभी फरार हैं।
एसटीएफ के मुताबिक संदीप सिंह और दिनेश यादव के बीच अम्बेडकरनगर और लखनऊ से जुड़ी एक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच मुकदमेबाजी और शिकायतों का सिलसिला लगातार जारी था। जांच में एक पुराना वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। इसी विवाद के बाद दिनेश यादव ने संदीप सिंह को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी।
ड्राइवर को बनाया साजिश का हिस्सा पूछताछ में मुकर्रबीन उर्फ मुबीन ने बताया कि वह वर्ष 2016 से दिनेश यादव के साथ ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था। दिनेश लगातार मुकदमों और शिकायतों से परेशान था। इसी दौरान उसने मुबीन से कहा कि अब संदीप सिंह को रास्ते से हटाना पड़ेगा। इसके बाद हत्या की सुपारी देने की योजना बनाई गई।
5 लाख में तय हुई सुपारी एसटीएफ की जांच में सामने आया है कि मुबीन ने अपने संपर्कों के जरिए शूटरों से संपर्क किया और करीब पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी तय हुई। इसके बाद दो शूटरों को लखनऊ बुलाया गया। उनके रहने और आने-जाने की व्यवस्था की गई। कई दिनों तक संदीप सिंह की गतिविधियों और रूट की रेकी कराई गई।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर की गई रेकी जांच एजेंसियों के अनुसार वारदात को अंजाम देने के लिए एक सेकेंड हैंड अपाचे बाइक खरीदी गई थी। बाइक की असली नंबर प्लेट हटाकर उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई। इसी बाइक से शूटरों ने कई बार इलाके की रेकी की और संदीप सिंह के आने-जाने के रास्तों का अध्ययन किया।
हत्या के दिन लखनऊ से बाहर चले गए थे आरोपी पूछताछ में यह भी सामने आया है कि वारदात के दिन खुद को संदेह से बचाने के लिए दिनेश यादव और मुबीन दोनों लखनऊ से बाहर चले गए थे। दिन में शूटरों ने संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी और बाद में फोन कर वारदात पूरी होने की सूचना दी।
STF को शूटरों की तलाश एसटीएफ और पीजीआई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य साजिशकर्ता दिनेश यादव और उसका ड्राइवर गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों से पूछताछ के आधार पर हत्या में शामिल शूटरों और अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
27 मई को हुई थी सनसनीखेज हत्या 27 मई को पीजीआई थाना क्षेत्र के कल्ली पश्चिम इलाके में प्रॉपर्टी कारोबारी संदीप सिंह की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस और एसटीएफ की कई टीमें लगाई गई थीं। अब जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे पुराना जमीन विवाद और सुपारी किलिंग की साजिश थी।
Source link