संभल में युवक ने आत्महत्या की:खेत से चारा लाने के बाद कमरे में फांसी लगाई, गर्भवती पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल


संभल में पशुओं के लिए हरा चारा लाने के बाद एक 22 वर्षीय युवक ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना चंदौसी तहसील के थाना बहजोई क्षेत्र के किरारी गांव की है। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, लेकिन मृतक के ससुराल पक्ष की सहमति के बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। मृतक की पहचान विकास कुमार (22 वर्षीय) पुत्र सत्यपाल के रूप में हुई है। विकास अपने पिता के साथ खेत से पशुओं के लिए हरा चारा लाने गया था। घर लौटने के बाद वह अपने कमरे में गया और छत में लगे कुंडे से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। करीब एक घंटे बाद विकास की बहन कमरे में गई तो भाई को फांसी पर लटका देखकर उसकी चीख निकल गई। पड़ोसी इकट्ठा हुए और उनकी मदद से युवक को फंदे से नीचे उतारा गया। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक युवक के ससुराल पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए। युवक की पत्नी विमलेश गर्भवती है, और उसकी मौत के बाद पत्नी सहित सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। विकास चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। युवक की आत्महत्या के करीब तीन घंटे बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम गांव पहुंची। परिजनों और ससुराल पक्ष के लोगों ने आपसी बातचीत के बाद पुलिस से कानूनी कार्रवाई न करने का अनुरोध किया। थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि परिवार के लोग युवक का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाह रहे थे। उन्होंने पुष्टि की कि युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी और पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी कर ली गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *