![]()
फिरोजाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को जनपद में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सभी जनपदवासियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी कर कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की है। यह विशेष अभियान शासन के निर्देशों पर आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026-27 तक 35 करोड़ पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया था कि इस वर्ष का पर्यावरण दिवस पूरी तरह पर्यावरण संरक्षण और माँ के प्रति समर्पित रहेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी विकास खंडों, नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में बड़े पैमाने पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ आह्वान को जनआंदोलन बनाने के लिए व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” है। इसी थीम के अनुरूप लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि अभियान के तहत होने वाले सभी पौधरोपण कार्यक्रमों और गतिविधियों की तस्वीरें ‘मेरी लाइफ’ (Meri LiFE) पोर्टल पर अपलोड की जाएं। इसकी सूचना वन एवं वन्यजीव विभाग के कमांड सेंटर को भी भेजी जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे पौधरोपण के बाद अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर #Plant4Mother और #EkPedMaaKeNaam हैशटैग के साथ साझा कर इस जनअभियान का हिस्सा बनें। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे 5 जून को अपनी माँ के सम्मान और धरती माँ के संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण का भी संकल्प लें।
Source link
5 जून को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ लगाएं: डीएम:विश्व पर्यावरण दिवस पर महाअभियान, तस्वीरें पोर्टल पर होंगी अपलोड