![]()
बाराबंकी के टिकैतनगर थाना क्षेत्र के कोटवाधाम में कोचिंग जा रही छात्राओं से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्राओं के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, छात्राएं प्रतिदिन की तरह कोचिंग के लिए जा रही थीं। आरोप है कि एक युवक बाइक से उनका पीछा कर रहा था और रास्ते में छींटाकशी व छेड़छाड़ कर रहा था। छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया है कि युवक मोबाइल से उनका वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा था।
घटना से परेशान छात्राओं ने अपने मोबाइल फोन से परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी युवक को पकड़ लिया। इस दौरान परिजनों ने युवक की पिटाई भी की। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को अपने साथ थाने ले गई।
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवक की पहचान सादाब के रूप में हुई है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। चूंकि यह मामला दो समुदायों से जुड़ा है, क्षेत्र में तनाव की आशंका को देखते हुए कोटवाधाम गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। टिकैतनगर पुलिस ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
कोचिंग जा रही छात्राओं से छेड़छाड़ व छींटाकशी:बाराबंकी में आरोपी युवक हिरासत में, मुकदमा दर्ज