![]()
हापुड़ के सिटी कोतवाली इलाके के राजीव विहार में शनिवार रात एक मकान की तीसरी मंजिल पर भीषण आग लग गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि आग लगने के समय कमरों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। बुलंदशहर रोड स्थित राजीव विहार मोहल्ले में विनोद शर्मा का मकान है, जो निर्माण सामग्री का कारोबार करते हैं। उनके मकान की तीसरी मंजिल पर कर्मचारियों के रहने के लिए कमरे बने हुए हैं। शनिवार शाम अचानक इन कमरों से धुआं निकलता दिखाई दिया, जो देखते ही देखते भीषण आग में बदल गया। आग की लपटें खिड़कियों से बाहर निकलने लगीं और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। तेज लपटों को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने बाल्टियों और पाइपों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार बढ़ती रही। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम फायर टेंडर के साथ मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से कमरों में रखा फर्नीचर, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सहित लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।
Source link
हापुड़ में मकान की तीसरी मंजिल पर लगी आग:लाखों का सामान जला, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका