बरेली में आंधी-पानी से बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत:तेज हवाओं ने बदला मिजाज, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट


बरेली में शनिवार शाम 6 बजे से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को तेज हवाओं के चलते बड़ी राहत मिली है। हालांकि, आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि पूरे शहर की बिजली व्यवस्था कुछ देर के लिए चरमरा गई और आपूर्ति ठप हो गई। बिजली विभाग की सक्रियता के चलते करीब एक घंटे बाद विद्युत सप्लाई सुचारू हो सकी। शहर के कई इलाकों में पिछले 2 घंटे से रुक-रुककर हल्की बूंदाबांदी का दौर जारी है। आज दिन का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगामी दो दिनों का पूर्वानुमान आज देर रात तक बरेली में गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, 31 मई को हल्की बारिश के साथ आसमान में बादल छाए रहेंगे, जिससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है। तेज हवाओं के कारण उमस से थोड़ी राहत मिलने की पूरी उम्मीद है। सावधानी बरतने की अपील मौसम विभाग के मुताबिक, बरेली में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। कुछ इलाकों में मध्यम से तीव्र बारिश और ओलावृष्टि भी हो सकती है। आमजन को सलाह दी गई है कि आंधी के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों या कमजोर बिजली के खंभों के पास न जाएं। किसानों को भी अपनी फसलों के बचाव के लिए आवश्यक एहतियात बरतने को कहा गया है। मानसून और मौसम का बड़ा अपडेट मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून 2026 के दौरान कुल वर्षा सामान्य से कम रहने की संभावना है। जून के शुरुआती दिनों में लू (हीटवेव) के दिनों की संख्या सामान्य से अधिक हो सकती है, लेकिन वर्तमान में चल रहा पश्चिमी विक्षोभ मई के अंत तक राहत लेकर आया है। हालांकि, 01 जून से तापमान में फिर से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है, लेकिन इसके बावजूद जून के पहले सप्ताह में लू चलने का खतरा कम बना रहेगा। जिला प्रशासन मौसम की हर गतिविधि पर लगातार नजर रखे हुए है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *