बिजली टीम पर हमला करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार:दो नाबालिकों को संरक्षण में लिया, बिजली चोरी की शिकायत पर पहुंचे थे


लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में बिजली चोरी की शिकायत की जांच करने गई विद्युत विभाग की टीम पर हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दो बाल अपचारियों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। पुलिस के मुताबिक 27 मई 2026 को विद्युत विभाग में अवर अभियंता पद पर तैनात अशोक कुमार वर्मा ने जानकीपुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि बिजली चोरी की शिकायत की जांच के दौरान कुछ लोगों ने एकजुट होकर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपियों ने सरकारी कार्य में बाधा डाली। लोकसेवक पर हमला किया और कुत्ते से कटवाने की भी कोशिश की। पीड़ित की तहरीर पर जानकीपुरम पुलिस ने अजय दीक्षित समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार को सरैया टोला स्थित पीपल के पेड़ के पास से शैलेन्द्र अवस्थी (45) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने मामले में शामिल दो बाल अपचारियों को भी संरक्षण में लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। विवेचना के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *