![]()
मेरठ में एक युवती को परेशान कर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में मुख्य आरोपी युवक, उसकी मां और बहन शामिल हैं। यह कार्रवाई टीपीनगर थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को पीड़िता की मां ने टीपीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि संजय कॉलोनी, मलियाना निवासी आदित्य उनकी 18 वर्षीय बेटी का लगातार पीछा करता था। वह उसे रास्ते में रोककर छेड़छाड़ करता और विरोध करने पर अलग-अलग नंबरों से फोन कर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देता था। शिकायत दर्ज होने के बाद भी आरोपी और उसके परिजन नहीं रुके। शुक्रवार को आदित्य, उसकी मां सुरेन्द्री और बहन अर्चना ने पीड़िता व उसके परिवार पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया। इस लगातार मानसिक उत्पीड़न और दबाव के कारण युवती तनाव में आ गई और उसने आत्महत्या के इरादे से जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के आदेश पर टीपीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होने पर शनिवार को सिरोही अस्पताल के पास से आदित्य, उसकी मां सुरेन्द्री और बहन अर्चना को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आदित्य ने युवती का पीछा करने, मोबाइल फोन से परेशान करने और उस पर मानसिक दबाव बनाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपियों ने पीड़िता को प्रताड़ित किया, जिससे उसकी मानसिक स्थिति प्रभावित हुई। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है।
Source link
युवती को परेशान कर आत्महत्या के लिए उकसाया:मेरठ में आरोपी और मां-बहन गिरफ्तार