चित्रकूट में 4 नई बसें शुरू:ग्रामीण परिवहन योजना के रूट चयन पर उठे सवाल


चित्रकूट में मुख्यमंत्री ग्रामीण परिवहन योजना-2026 के तहत चार नई बसें शुरू की गई हैं। सरकार और परिवहन विभाग इसे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधा प्रदान करने वाली एक बड़ी उपलब्धि बता रहे हैं। हालांकि, योजना के रूट चयन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि शिवरामपुर क्षेत्र के मकरी पहरा, बारा माफी, हिनौता माफी और चिल्ला माफी जैसे कई गांव आज भी नियमित बस सेवा से वंचित हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जिन क्षेत्रों को वास्तव में परिवहन सुविधा की आवश्यकता है, उन्हें इस योजना में प्राथमिकता नहीं दी गई। ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं कि बसों के रूट तय करने का आधार क्या था। उन्होंने पूछा कि क्या कोई सर्वेक्षण कराया गया था, और यदि हां, तो उन गांवों को योजना में क्यों शामिल नहीं किया गया जहाँ लोगों को आज भी बाजार, अस्पताल और तहसील तक पहुँचने के लिए निजी साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। योजना के शुभारंभ के बीच यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि क्या ग्रामीण परिवहन योजना का लाभ सभी जरूरतमंद गांवों तक पहुँच पाएगा, या कुछ क्षेत्र विकास की दौड़ में पीछे छूटते रहेंगे। स्थानीय नागरिकों ने परिवहन विभाग और जिला प्रशासन से बस रूटों की समीक्षा करने की मांग की है। उनका कहना है कि शिवरामपुर क्षेत्र के उपेक्षित गांवों को भी योजना में शामिल किया जाए, ताकि ग्रामीण परिवहन योजना अपने वास्तविक उद्देश्य को पूरा कर सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *