![]()
सीबीएसई 12वीं के परीक्षा परिणामों में मूल्यांकन संबंधी अनियमितताओं को लेकर छात्रों और अभिभावकों में रोष बढ़ रहा है। अमरोहा में समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपकर इस मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। सपा के जिला उपाध्यक्ष नवनीत कुमार गोला ने बताया कि परिणाम घोषित होने के बाद देशभर से बड़ी संख्या में शिकायतें सामने आ रही हैं। मेधावी और मेहनती छात्रों को भी अपेक्षा से काफी कम अंक मिले हैं, जिससे उनका मनोबल प्रभावित हुआ है और शैक्षणिक भविष्य पर सवाल खड़े हो गए हैं। ज्ञापन में शिक्षा मंत्री से तीन प्रमुख मांगें की गई हैं। पहली मांग है कि सीबीएसई बोर्ड की मूल्यांकन प्रक्रिया की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए। दूसरी मांग में प्रभावित छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन करवाकर सही परिणाम जारी करने को कहा गया है। छात्रों को न्याय दिलाने की मांग तीसरी मांग के तहत तकनीकी गड़बड़ी या अन्य विसंगतियों के कारण अनुत्तीर्ण घोषित छात्रों की विशेष समीक्षा कर उन्हें न्याय दिलाने की बात कही गई है। सपा नेताओं ने कहा कि पूरे साल मेहनत करने वाले छात्रों के परिणामों में ऐसी विसंगतियां शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिन्ह लगाती हैं। ज्ञापन में भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के निर्देश देने की भी मांग की गई है।
Source link
CBSE 12वीं रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप:केंद्रीय शिक्षा मंत्री से उच्चस्तरीय जांच की मांग, बोले- देशभर से शिकायतें आ रही