बिसंडा सड़क हादसे के बाद प्रशासन सख्त:कस्बे में भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू, बोले- यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई होगी


बांदा जिले के बिसंडा कस्बे में हाल ही में हुए एक भीषण सड़क हादसे में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिसके तहत कस्बे में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यातायात पुलिस द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, कमासिन-बिसंडा, बबेरू-बिसंडा और नरैनी-बिसंडा मार्गों पर शनिवार सुबह 5 बजे से रात 9:30 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
मीडिया सेल ने जानकारी देते हुए बताया कि बांदा से चित्रकूट जाने वाले भारी वाहन अब बांदा-बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के माध्यम से चित्रकूट जा सकते हैं। इसी प्रकार, चित्रकूट से बांदा आने वाले भारी वाहनों को भी बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे मार्ग का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, प्रयागराज से बांदा तथा बांदा से प्रयागराज आने-जाने वाले भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। ऐसे वाहन प्रयागराज-फतेहपुर-तिंदवारी-बांदा मार्ग अथवा प्रयागराज-चित्रकूट-बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे मार्ग का प्रयोग कर सकते हैं।

यातायात विभाग ने स्पष्ट किया है कि ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन संचालन, प्रतिबंधित मार्गों में बिना अनुमति प्रवेश, फर्जी या गलत नंबर प्लेट का उपयोग तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ई-चालान और वाहन सीज करने जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और यातायात नियमों का अनुपालन करने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *