पीलीभीत में व्यापारी हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार:डराने आया था, बीच बचाव में पड़ोसी व्यापारी ने पकड़ा तो किराए के शूटर ने मार दी गोली


पीलीभीत के बिलसंडा नगर में कपड़ा व्यवसायी पप्पू गुप्ता की हत्या का पुलिस ने कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया है। बृहस्पतिवार शाम हुई इस वारदात में पुलिस ने एक शूटर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया, जबकि साजिश में शामिल तीन अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया गया है। पुलिस के अनुसार, यह हत्या साइकिल कारोबारी पंकज कटियार को सबक सिखाने की साजिश का परिणाम थी। पंकज का अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष से पुराना विवाद चल रहा था। दहेज उत्पीड़न के मुकदमे की रंजिश के चलते पंकज के ससुर रमेश चंद्र (शाहजहांपुर निवासी) और साले विमल व सीतेश ने उसे पीटने की योजना बनाई थी। इस योजना को अंजाम देने के लिए लखीमपुर के उचौलिया निवासी शिवम उर्फ सर्वजीत के माध्यम से 20 हजार रुपये में भाड़े के बदमाश तय किए गए थे। बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे तीन बाइकों पर सवार होकर आठ हमलावर पंकज की दुकान पर पहुंचे और लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। पड़ोस के कपड़ा व्यवसायी पप्पू गुप्ता जब पंकज को बचाने दौड़े और एक हमलावर को पकड़ लिया, तो बदमाशों ने उनके सीने में गोली मार दी। पप्पू गुप्ता ने बरेली ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। कारोबारी ने दर्ज कराया था केस पंकज कटियार की तहरीर पर ससुर, साले समेत नामजद व अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना से आक्रोशित परिजनों और व्यापारियों ने शुक्रवार सुबह बिलसंडा-बंडा हाईवे पर जाम लगाकर धरना दिया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मुआवजे की मांग की। विरोध प्रदर्शन के चलते तीन घंटे तक नगर का बाजार भी पूरी तरह बंद रहा। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव के निर्देश पर रात में ही शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। दोपहर में पुलिस सुरक्षा के बीच पप्पू गुप्ता का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी द्वारा गठित पांच टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ससुर रमेश चंद्र और साले विमल व सीतेश को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, घटना में शामिल शूटर लकी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर उसने फायरिंग कर दी, जिसमें एक कांस्टेबल घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने के बाद लकी को गिरफ्तार कर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है। बिलसंडा थाना अध्यक्ष सिद्धांत शर्मा ने मुठभेड़ की घटना की पुष्टि की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *