![]()
अयोध्या साइबर क्राइम थाना पुलिस ने पिछले आठ दिनों में साइबर ठगी के शिकार लोगों को बड़ी राहत दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 9 लाख 33 हजार 681 रुपये पीड़ितों को वापस कराए हैं। साइबर टीम ने विभिन्न मामलों में फंसी धनराशि को होल्ड, फ्रीज और रिलीज कराकर पीड़ितों को उनके पैसे वापस दिलाए। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी, नोडल अधिकारी साइबर क्राइम और क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम के नेतृत्व में एनसीआरपी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर की गई। 28 मई को दो अलग-अलग मामलों में 60 हजार 285 रुपये वापस कराए गए। इनमें एक मामले में गलती से दूसरे खाते में ट्रांसफर हुए 36 हजार 785 रुपये की राशि पीड़ित को लौटाई गई। दूसरे मामले में टेलीग्राम के माध्यम से हुई साइबर ठगी के 23 हजार 500 रुपये वापस दिलाए गए। इसी क्रम में, 26 मई को 1 लाख 89 हजार 999 रुपये और 25 मई को मोबाइल हैकिंग से संबंधित साइबर ठगी के मामले में 88 हजार रुपये वापस कराए गए। 23 मई को पांच अलग-अलग शिकायतों में कुल 1 लाख 5 हजार 397 रुपये की धनराशि पीड़ितों को लौटाई गई। थाना साइबर क्राइम में दर्ज मुकदमा संख्या 08/2025 में न्यायालय के आदेश पर पीड़ित के खाते में 3 लाख 70 हजार रुपये रिलीज कराए गए। वहीं, 21 मई को ओटीपी पूछकर की गई साइबर ठगी के मामले में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1 लाख 20 हजार रुपये वापस दिलाए। इन सफल कार्रवाइयों में प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद अरशद सहित राजकुमार गौड़, प्रेम प्रकाश गौतम, सूर्य विजय सिंह, पंकज कुमार, प्रवीण दीक्षित, हरिवीर सिंह, अतुल कुमार यादव और मनीषा मौर्या जैसे पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अयोध्या पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या संदेश पर विश्वास न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि को सुरक्षित किया जा सके।
Source link
अयोध्या पुलिस ने 8 दिन में 9.33 लाख रुपए लौटाए:साइबर ठगी के पीड़ितों को राहत, तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील