![]()
लखीमपुर खीरी के धौरहरा वन रेंज के बोझिया गांव में सोमवार शाम घर के आंगन में खेल रही 7 साल की बच्ची को तेंदुआ उठा ले गया। बच्ची के पिता संपत गिरी ने करीब 200 मीटर तक तेंदुए का पीछा कर बेटी को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह उसे जबड़े में दबाकर गन्ने के खेत में घुस गया। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर बच्ची की तलाश शुरू की। खेत से उसके कपड़े बरामद हुए, लेकिन देर रात तक बच्ची का पता नहीं चल सका था। बाजार से बेटी के लिए केला लेकर लौटे थे पिता जानकारी के मुताबिक, बोझिया गांव निवासी संपत गिरी सोमवार शाम करीब 7 बजे गाजियापुर बाजार से घर लौटे थे। वह बेटी सान्या के लिए केला लेकर आए थे। घर पहुंचने के बाद वह कुछ काम करने लगे। इस दौरान सान्या आंगन में थी, जबकि उसका जुड़वां भाई विकास घर के अंदर था। तभी अचानक तेंदुआ घर में घुस आया और सान्या को जबड़े में दबाकर ले जाने लगा। बेटी को बचाने के लिए 200 मीटर तक पीछा किया बेटी को तेंदुए के जबड़े में देखकर संपत गिरी उसके पीछे दौड़े। उन्होंने करीब 200 मीटर तक पीछा कर बेटी को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेंदुआ गन्ने के खेत में घुस गया। पिता के शोर मचाने पर परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद बच्ची की तलाश शुरू की गई। खेत में मिले कपड़े, देर रात तक तलाश जारी घटना की सूचना मिलने पर पढ़ुआ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से गन्ने के खेत और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान खेत से बच्ची के कपड़े बरामद हुए, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। थाना अध्यक्ष मोहित पुंडीर ने बताया कि बच्ची की तलाश की जा रही है। वन विभाग की टीम नहीं पहुंचने पर ग्रामीण नाराज ग्रामीणों के मुताबिक, घटना के करीब चार घंटे बाद तक वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी। इससे लोगों में नाराजगी रही। तेंदुए के गांव में घुसकर बच्ची को उठा ले जाने की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। ग्रामीण देर रात तक बच्ची की तलाश में जुटे रहे। सात साल पहले मां की हो चुकी है मौत बताया गया कि सान्या और उसका जुड़वां भाई विकास सात साल के हैं। उनकी मां की करीब सात साल पहले मौत हो चुकी है। ऐसे में बेटी के तेंदुए के हमले के बाद लापता होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। देर रात तक बच्ची की तलाश जारी थी।
Source link
लखीमपुर में आंगन से मासूम को उठा ले गया तेंदुआ:पिता ने 200 मीटर तक पीछा किया, तलाशी में मिले बच्ची के कपड़े; 4 घंटे बाद भी वन टीम नहीं पहुंची