सचिन प्रजापति | प्रयागराज3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

प्रयागराज की सुप्रसिद्ध रेडियो ब्रॉडकास्टर, शिक्षिका, लेखिका और कवयित्री के. राशि बदालिया कुमार को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उन्हें प्रतिष्ठित एआईबी लंदन अवॉर्ड्स-2026 (AIB London Awards 2026) की जूरी पैनल में शामिल किया गया है। खास बात यह है कि वह लगातार सातवीं बार इस अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार समारोह की जूरी सदस्य चुनी गई हैं।
लंदन स्थित एसोसिएशन फॉर इंटरनेशनल ब्रॉडकास्टिंग (AIB) द्वारा आयोजित यह अवॉर्ड्स दुनिया भर में पत्रकारिता, टेलीविजन, रेडियो और डिजिटल मीडिया प्रोडक्शन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थानों को सम्मानित करता है। इस वर्ष जूरी पैनल में अंटार्कटिका को छोड़कर सभी महाद्वीपों के 19 देशों से 59 विशेषज्ञ शामिल किए गए हैं, जिनमें भारत का प्रतिनिधित्व के. राशि बदालिया कुमार कर रही हैं।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व
अपनी नियुक्ति पर खुशी जताते हुए राशि ने कहा कि इतने प्रतिष्ठित वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि मीडिया क्षेत्र में उनके कार्यों को लगातार अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलना उनके लिए बेहद प्रेरणादायक है।

रेडियो करियर की लंबी यात्रा
राशि ने अपने रेडियो करियर की शुरुआत 1997 में ऑल इंडिया रेडियो, लखनऊ से की थी। वर्ष 2000 में वह उत्तर प्रदेश के पहले एफएम स्टेशन AIR FM Rainbow की पहली आवाज़ बनीं और श्रोताओं के बीच अपनी अलग पहचान बनाई। उन्हें “वॉयस ऑफ यूपी” के नाम से भी जाना जाता है।
वर्ष 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार और एक लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की थी।

शिक्षण और साहित्य में भी सक्रिय
वर्तमान में के. राशि बदालिया कुमार इलाहाबाद विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज़ से जुड़े सेंटर फॉर मीडिया स्टडीज़ और सेंटर ऑफ फूड टेक्नोलॉजी में फैकल्टी सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। साथ ही वे साहित्य के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं और कविता, कथा, नॉन-फिक्शन तथा प्रेरक लेखन की सात पुस्तकें लिख चुकी हैं।
एआईबी लंदन अवॉर्ड्स-2026 का आयोजन 20 नवंबर 2026 को लंदन में किया जाएगा, जहां दुनिया भर की मीडिया जगत की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
