![]()
लखीमपुर खीरी में ईद उल अजहा की नमाज के दौरान प्रशासन ने नमाजियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक ट्रेन इंजन को अस्थायी रूप से रोक दिया। यह कदम तब उठाया गया जब बड़ी संख्या में लोग रेलवे पटरी पार कर ईदगाह पहुंच रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे कस्बा खीरी स्थित ईदगाह में नमाज अदा करने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। ईदगाह रेलवे स्टेशन के पास होने के कारण कई नमाजी रेलवे लाइन पार कर रहे थे, जिससे किसी अप्रिय घटना की आशंका बढ़ गई थी। संभावित खतरे को देखते हुए सदर एसडीएम अश्वनी कुमार सिंह, सीओ सिटी विवेक कुमार तिवारी और थाना प्रभारी निराला तिवारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने रेलवे विभाग से समन्वय स्थापित कर रेलवे स्टेशन से गुजर रहे एक खाली ट्रेन इंजन को कुछ समय के लिए रुकवा दिया। सदर एसडीएम अश्वनी कुमार सिंह ने बताया कि नमाजियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया था। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना था। नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद इंजन को आगे रवाना कर दिया गया। ईदगाह परिसर और आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एडिशनल एसपी पवन गौतम, नायब तहसीलदार, लेखपाल और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी विनीत कुमार सहित कई अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। नमाज के दौरान देश में अमन, चैन और खुशहाली की दुआ मांगी गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी, जिसके बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू हो गया।
Source link
नमाजियों की सुरक्षा के लिए रोका गया ट्रेन इंजन:लखीमपुर में नमाज खत्म होने के बाद रवाना, पटरी पार कर रहे थे लोग