फिरोजाबाद में भाई को बचाने पहुंचे किन्नर का सिर फोड़ा:आरोपियों ने छत से फेंकीं ईंटें, जान से मारने की दी धमकी


फिरोजाबाद के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक किन्नर पर हमला हुआ है। सहजलपुर स्थित ब्लॉक वाली रोड पर हुए इस विवाद में किन्नर के सिर में चोट आई है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि भाई का पक्ष लेने पहुंचने पर कुछ लोगों ने छत से ईंट-पत्थर फेंके, जिससे वह घायल हो गईं। जसराना निवासी महक नामक किन्नर अपने भाई के घर सहजलपुर आई हुई थीं। बताया गया है कि उनके भाई का पास में रहने वाले एक व्यक्ति से विवाद हो गया था। आरोप है कि उस व्यक्ति ने महक के भाई के साथ अभद्रता की और उसका वीडियो भी बना लिया। जब महक को इस घटना की जानकारी मिली, तो वह अपने भाई के पक्ष में बात करने के लिए प्रधान पक्ष के लोगों के पास पहुंचीं। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर छत से ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे। एक पत्थर महक के सिर में लगा, जिससे वह घायल हो गईं। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उन्हें जान से मारने और गोली मारने की धमकी दी गई। इस घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया था। घायल अवस्था में महक शिकोहाबाद थाने पहुंचीं और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *