लखनऊ में बुधवार दोपहर एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अपने ऑफिस के सामने मोबाइल से बात कर रहे थे। तभी बदमाश ने पास आकर उनकी कनपटी पर फायर कर दिया। आसपास के लोगों ने बेसुध प्रॉपर्टी डीलर को अपेक्स ट्रॉमा सेंटर में पहुंचाया, जहां उन्
.
दैनिक भास्कर को हत्या का एक्सक्लूसिव सीसीटीवी फुटेज मिला है। इसमें बदमाश प्रॉपर्टी डीलर को गोलियां मारते दिख रहा है। हत्या के बाद बदमाश अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गया। प्रॉपटी डीलर संदीप सिंह जौनपुर के रहने वाले थे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी के जरिए बदमाशों की पहचान में जुटी है।
वारदात की 3 तस्वीरें-

प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह कार से नीचे उतरकर मोबाइल से बात करते हुए आगे बढ़ते हैं।

बदमाश दौड़ते हुए संदीप के पास पहुंचता है। उनके सीने के पास गोली मार देता है। संदीप के गिरते ही बदमाश कई गोलियां मारता है।

आसपास के लोग दौड़ते हुए प्रॉपर्टी डीलर के पास पहुंचे। उन्हें इलाज के लिए एपेक्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।
अब पूरी घटना विस्तार से…
संदीप सिंह (42) मूल रूप से जौनपुर के टकारी गांव के रहने वाले थे। वह वृंदावन योजना में कालिंदी पार्क के पास परिवार के साथ रहते हैं। कल्ली पश्चिम बाजार के यादव मार्केट में उनका प्रॉपर्टी डीलिंग का ऑफिस है। बुधवार दोपहर 12 से 12:30 बजे के बीच वह ड्राइवर प्रदीप सिंह के साथ अपने ऑफिस पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि संदीप कार से उतरकर ऑफिस की ओर बढ़ ही रहे थे, तभी बाइक सवार 2 नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगते ही संदीप घायल होकर गिर पड़े, तभी आरोपी बाइक से भाग निकले।
बाइकसवार बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था
स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, हमला करने वाले बाइक सवार बदमाश काफी पेशेवर अंदाज में आए थे। बाइक चला रहा बदमाश हेलमेट लगाए हुए था। जबकि, पीछे बैठे हमलावर ने अपना मुंह सफेद गमछे से बांध रखा था।
वारदात को अंजाम देते समय एक बदमाश अपाचे बाइक स्टार्ट किए हुए पहले से खड़ा हुआ था। संदीप को कई गोलियां मारने वाला दूसरा बदमाश दौड़ते हुए बाइक पर बैठा। जिसके बाद दोनों भाग निकले। संदीप सिंह के परिवार में पत्नी प्रीति सिंह (40), बेटा सार्थक सिंह (11) और बेटी शिवी (9) सिंह हैं। उनके बड़े भाई सतीश सिंह गांव में ही रहते हैं।

प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की फाइल फोटो।
पहली गोली लगते ही सड़क पर गिरे संदीप
पुलिस को घटना की 50 सेकंड की CCTV फुटेज मिली है। इसमें दिख रहा कि प्रॉपर्टी डीलर संदीप कार से नीचे उतरने के बाद मोबाइल पर बात करते हुए आगे बढ़ते हैं। इस दौरान सफेद शर्ट और नीले जींस पहने बदमाश उनके पास आता है। उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर देता है।
पहली गोली सीने के पास लगते ही संदीप सड़क पर गिर पड़ते हैं। इसके बाद भी बदमाश उन पर लगातार फायरिंग करता रहता है। वह आखिरी गोली संदीप के सिर के पास मारता है। इसे लेकर पुलिस मान रही है कि बदमाश पेशेवर हो सकते हैं।
डेढ़ साल पहले खोला प्रॉपर्टी डीलिंग का ऑफिस
संदीप सिंह ने करीब डेढ़ साल पहले कल्ली पश्चिम बाजार स्थित यादव कॉम्प्लेक्स में पीएसएस बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से ऑफिस खोला था। ऑफिस में पांच कर्मचारी काम करते हैं। कंपनी के एक कर्मचारी ने बताया कि उनकी तीन साइटें चल रही हैं।
एक मोहनलालगंज इलाके के डॉन बॉस्को स्कूल के पास, दूसरी मोहनलालगंज तहसील के पास और तीसरी कानपुर रोड पर अमौसी रेलवे स्टेशन के नजदीक है। कर्मचारियों के मुताबिक, संदीप सिंह बेहद मिलनसार और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे।

प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के बाद बदमाश अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर भागता दिख रहा।
21 अप्रैल को एक शादी में गांव गए थे
जौनपुर में परिजनों ने बताया कि संदीप 2008 से लखनऊ में अपने बड़े पिता राजेंद्र प्रसाद सिंह के साथ रहने लगे थे। राजेंद्र सरकारी इंटर कॉलेज में प्रिंसिपल थे। यहीं रहकर संदीप ने प्रॉपर्टी डीलिंग का काम शुरू किया था।
ग्रामीणों ने बताया कि बीते 21 अप्रैल को परिवार में एक शादी समारोह में संदीप गांव आए थे। उनके साथ उनके भतीजे-भतीजी लखनऊ आए थे। दो दिन पहले भतीजा श्रेयस और भतीजी छुट्टियां बिताकर गांव लौटे थे।
ड्राइवर ने फोन कर दी जानकारी
परिजनों के मुताबिक, दोपहर करीब एक बजे संदीप के ड्राइवर ने सतीश के मोबाइल पर फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग लखनऊ पहुंच गए। संदीप सिंह के पिता सुरेंद्र प्रताप सिंह का निधन छह साल पहले हो चुका था। उनकी माता मैना देवी का देहांत उससे पहले हो चुका था। दो भाइयों में संदीप दूसरे नंबर पर थे। बड़े भाई सतीश सिंह गांव में ही रहते हैं।

ड्राइवर प्रदीप (मोबाइल से बात करते हुए) ने अन्य लोगों की मदद से प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह को अस्पताल पहुंचाया।
परिजनों ने कुछ लोगों पर शक जताया
पुलिस का कहना है कि परिजनों ने कुछ लोगों पर शक जताया है। उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अब तक की जांच में संदीप सिंह का किसी से कोई पुराना बड़ा विवाद सामने नहीं आया है। उनकी साइटों पर किसी से कोई विवाद तो नहीं हुआ था, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही।
DCP साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया-
आज दोपहर लगभग 1 बजे संदीप सिंह को गोली मारने की सूचना प्राप्त हुई। सीसीटीवी फुटेज देखे गए हैं। संदीप को गोली मारने वाले बाइक सवार 2 युवक दिखे हैं। उनकी पत्नी प्रीति की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की 4 टीमें बदमाशों की तलाश में लगी हैं।


पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद किया है।
15 दिन से रेकी कर रहे थे बदमाश
पुलिस इस हत्याकांड को सुपारी किलिंग और प्रॉपर्टी विवाद से जोड़कर जांच कर रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि शूटर्स पिछले करीब 15 दिनों से संदीप की रेकी कर रहे थे। उन्हें संदीप के घर से ऑफिस आने-जाने और रोजाना के रूटीन की पूरी जानकारी थी।
परिजनों और ऑफिस के कर्मचारियों के मुताबिक, संदीप रोजाना करीब 12 बजे ऑफिस पहुंचते थे। घटना भी दोपहर 12 से 12:30 बजे के बीच हुई। ऐसे में पुलिस को शक है कि आरोपियों को उनके मूवमेंट की सटीक जानकारी दी जा रही थी। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि कहीं किसी करीबी ने मुखबिरी तो नहीं की।
मामा बोले- एयरपोर्ट के पास प्रॉपर्टी का विवाद था
मृतक के मामा दिलीप सिंह ने बताया कि अमौसी एयरपोर्ट के पास ‘राजधानी’ नाम से एक बड़ा प्रोजेक्ट चल रहा था। इस प्रोजेक्ट में कई एकड़ जमीन शामिल थी, जिसे लेकर दिनेश यादव नाम के व्यक्ति से विवाद चल रहा था। इसके अलावा करीब पांच साल पहले काकोरी इलाके में भी एक प्रॉपर्टी को लेकर विवाद हुआ था।
पुलिस अब संदीप के पुराने विवादों, जमीन के सौदों और कारोबारी रंजिश की फाइलें खंगाल रही है।

संदीप की मौत की सूचना पर परिजन पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे।
किसान पथ के CCTV कैमरे बंद मिले
वारदात के बाद पुलिस ने बदमाशों के भागने के रूट की जांच शुरू की। पुलिस को आशंका है कि शूटर्स किसान पथ की ओर भागे थे। जब पुलिस ने किसान पथ तक लगे CCTV कैमरे खंगाले, तो कई कैमरे बंद मिले।
इससे पुलिस की जांच मुश्किल हो गई है। अब पुलिस आसपास की दुकानों, पेट्रोल पंप और निजी प्रतिष्ठानों के कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
————————-
यह खबर भी पढ़िए-
लखनऊ में बिजली विभाग के JE को कुत्ते से कटवाया:चोरी की जांच करने गई टीम को पटक-पटककर लात-घूंसों से पीटा…VIDEO

लखनऊ में बिजली चोरी की जांच करने गई टीम पर हमला हो गया। हमलावरों ने टीम को दौड़ा-दौड़ाकर बेलचे से पीटा। जेई पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया। कुत्ते ने उन्हें बुरी तरह से नोंचा। हमला में जेई समेत 5 बिजली कर्मी घायल हुए।
उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना बुधवार शाम चार बजे जानकीपुरम में हुई। जेई अशोक कुमार ने मामले की पुलिस से शिकायत की है। इसके अलावा सआदतगंज इलाके में चौपटिया स्थित तंबाकू मंडी में भी बिजली चोरी रोकने गई टीम पर करीब 40 लोगों ने हमला कर दिया। (पूरी खबर पढ़िए)