गोंडा में गैस एजेंसियों पर भीड़, पुलिस-लेखपाल तैनात:11 मार्च को बुकिंग करने वाले लोगों का आज मिल रही गैस, KYC के लिए उमड़ी भी लो पहुंचे


गोंडा जिले की गैस एजेंसियों पर एलपीजी सिलेंडर लेने के लिए उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने सभी एजेंसियों पर स्थानीय लेखपालों और पुलिसकर्मियों को तैनात करने के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों के तहत, आज सभी गैस एजेंसियों पर स्थानीय लेखपाल और पुलिस बल तैनात हैं, जिनकी देखरेख में एलपीजी गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है। पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित कर रहे हैं और लोगों को कतारबद्ध तरीके से सिलेंडर लेने में मदद कर रहे हैं। धानेपुर ज्योति गैस एजेंसी पर पुलिसकर्मी लोगों की लाइनें लगवा रहे हैं और लाइन तोड़ने का प्रयास करने वालों को वापस कतार में खड़ा कर रहे हैं। सिलेंडर वितरण के साथ-साथ लोगों की गैस बुकिंग भी की जा रही है। यहां 11 मार्च को गैस बुक कराने वाले लोगों को आज पांचवें दिन सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं। सुबह 8 बजे से ही सैकड़ों की संख्या में लोग गैस एजेंसी पर जमा हो गए थे। हल्की बूंदाबांदी के बावजूद लोग अपनी कतारों में डटे रहे। प्रत्येक व्यक्ति को बुकिंग रसीद की जांच के बाद ही गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। नवाबगंज के भार्गव, इटियाथोक के शिवम, कटरा बाजार के मनोकामना गैस एजेंसी पर भी इसी तरीके से लोगों की भीड़ लगी हुई है यहां पर भी लोगों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गैस का वितरण किया जा रहा है। लेखपाल और पुलिस की तैनाती का मुख्य उद्देश्य गैस एजेंसी मालिकों द्वारा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, ग्राहकों के साथ भेदभाव या ओवर-रेटिंग को रोकना है। जिलाधिकारी ने चारों तहसीलों के उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) को भी लगातार गैस एजेंसियों का निरीक्षण करने और उनके स्टॉक व वितरण रजिस्टरों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, कई गैस एजेंसियों पर केवाईसी (KYC) करवाने के लिए भी भारी भीड़ देखी जा रही है। सर्वर ठीक से काम न करने के कारण लोगों की केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है, जिससे उन्हें सिलेंडर मिलने में भी दिक्कत आ रही है। जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *