![]()
मेरठ में आजाद समाज पार्टी (भीम आर्मी) के प्रदेश संगठन मंत्री संजीव पाल के नेतृत्व में लोगों ने कमिश्नर और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर मवाना रोड स्थित पंचवटी कॉलोनी की समस्याओं के समाधान की मांग की। उन्होंने कॉलोनी के सामने डिवाइडर में पैदल आवागमन के लिए रास्ता खोलने और जलनिकासी व्यवस्था को ठीक कराने की मांग उठाई। संजीव पाल ने बताया कि पंचवटी कॉलोनी में करीब 98 परिवार पिछले 15-16 वर्षों से रह रहे हैं। कॉलोनी के सामने डिवाइडर निर्माण के दौरान कट बंद किया जा रहा है, जिससे लोगों, खासकर पास के वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों और उनसे मिलने आने वाले परिजनों को सड़क पार करने में भारी परेशानी होगी। उन्होंने मांग की कि यहां कम से कम दो फीट चौड़ा पैदल रास्ता छोड़ा जाए। उनका कहना है कि डिफेंस कॉलोनी और सूर्या हॉस्पिटल के सामने भी ऐसी व्यवस्था की गई है, इसलिए यहां भी समान सुविधा मिलनी चाहिए। ज्ञापन में कॉलोनी की जलनिकासी समस्या का भी जिक्र किया गया। बताया गया कि कॉलोनी के पास बना गड्ढा वर्षों से साफ नहीं हुआ है, जिसके कारण वह भर चुका है। बारिश के दौरान पानी की निकासी नहीं होने से कॉलोनी के कई घरों में पानी भर गया और एक दीवार भी गिर गई। इससे हादसे का खतरा बना हुआ है। कॉलोनीवासियों ने अपने खर्च पर पानी निकलवाया ताकि सफाई कराई जा सके। लोगों ने नगर निगम से गड्ढे की तत्काल सफाई, स्थायी जलनिकासी व्यवस्था और पैदल रास्ता उपलब्ध कराने की मांग करते हुए जल्द कार्रवाई की अपील की।
Source link
पंचवटी कॉलोनी के सामने रास्ता खोलने और जलनिकासी की मांग:आजाद समाज पार्टी-भीम आर्मी ने कमिश्नर और नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन