![]()
फर्रुखाबाद में बकरीद की पूर्व संध्या पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पुलिस बल के साथ शहर में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान उन्होंने बीबीगंज ईदगाह पहुंचकर नमाज स्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बुधवार शाम को यह फ्लैग मार्च थाना मऊदरवाजा से शुरू होकर बीबीगंज ईदगाह तक निकाला गया। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की गई। जनपद के सभी संवेदनशील स्थानों पर स्थानीय पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च कर लोगों को सुरक्षा का एहसास दिलाया गया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बताया कि गुरुवार को जनपद में बकरीद का त्योहार मनाया जाएगा। जिले में कुल 171 मस्जिदें और 58 ईदगाहें हैं, जहां नमाज अदा की जाएगी। उन्होंने शांतिपूर्ण त्योहार मनाने की अपील करते हुए कहा कि फर्रुखाबाद का इतिहास सौहार्दपूर्ण रहा है और सभी त्योहार शांतिपूर्वक मनाए जाते रहे हैं। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद को 4 जोन और 15 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में पुलिस बल तैनात किया गया है। पीएसी की दो कंपनियां भी तैनात हैं और पर्याप्त मात्रा में रिजर्व फोर्स उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से शासन के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्वक त्योहार मनाने की अपील की। पुलिस सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रख रही है। वहीं डीएम एसपी ने मौलवी से भी नमाज को लेकर जानकारी की। मौलवी ने बताया करीब 5000 से 6000 लोग यहां नमाज पढ़ने आएंगे। साफ सफाई की व्यवस्था को भी देखा पैदल मार्च के दौरान अधिकारियों ने मार्ग में पड़ने वाले प्रमुख स्थलों, संवेदनशील बिंदुओं, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं पुलिस बल की तैनाती आदि का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने ड्यूटी में तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क एवं मुस्तैद रहकर कार्य करने के निर्देश दिए, जिससे त्योहार के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था पूर्ण रूप से बनी रहे। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं सामाजिक समरसता के साथ त्योहार मनाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को सूचित करें।
Source link
चार जोन और 15 सेक्टर में बांटा गया जिला:डीएम, एसपी ने किया फ्लैग मार्च, ईदगाह का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था जांची