सिद्धार्थनगर में ई-रिक्शा-बाइक भिड़ंत:एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल; पुलिस जांच में जुटी


सिद्धार्थनगर के चोड़ार चौराहे के पास बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। इस हादसे में बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के करहिया गांव निवासी 35 वर्षीय कृष्णा गौतम पुत्र घनश्याम के रूप में हुई है। कृष्णा अपने साथी दीपक पुत्र रमेश, निवासी महादेवा नानंकार, के साथ बाइक से जा रहे थे। चोड़ार चौराहे के पास उनकी बाइक की सामने से आ रहे ई-रिक्शा से टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवकों को संभाला और पुलिस के पहुंचने तक प्राथमिक सहायता प्रदान की।
पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शोहरतगढ़ पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने कृष्णा गौतम को मृत घोषित कर दिया। घायल दीपक का इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में गमगीन माहौल था। मृतक के परिवार में मातम छा गया है। थानाध्यक्ष नवीन सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *