![]()
सहारनपुर के अंबाला रोड स्थित फर्नीचर मार्केट में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। आग की शुरुआत एक लकड़ी के गोदाम से हुई, जो देखते ही देखते फैलती चली गई और आसपास के फर्नीचर शोरूम इसकी चपेट में आ गए। आग ने तेजी से फैलते हुए गंगा फर्नीचर और शक्ति फर्नीचर समेत कुल चार प्रतिष्ठानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि लकड़ी और फर्नीचर का भारी स्टॉक होने की वजह से आग तेजी से फैलती रही, जिससे दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। दुकानें खाली कराईं, लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया गया
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आसपास की दुकानों को खाली कराया और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। पूरे इलाके में दहशत का माहौल देखा गया और व्यापारी अपने सामान को बचाने की कोशिश में जुटे रहे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन मौके पर मौजूद है और आग पर जल्द से जल्द काबू पाने के प्रयास लगातार जारी हैं।
Source link
सहारनपुर में लकड़ी गोदाम में भीषण आग:फर्नीचर मार्केट के चार शोरूम चपेट में, ऊंची-ऊंची लपटें उठीं; मौके पर फायर बिग्रेड की टीमें