![]()
उन्नाव के अजगैन कोतवाली क्षेत्र के बहुद्दीनपुर गांव के पास एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में गिर गई थी। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नवाबगंज ले जाया गया, जहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया। घटना सोमवार शाम की है। मृतक की पहचान केशरीखेड़ा मजरा डहरौली निवासी 30 वर्षीय राजू पुत्र रज्जन के रूप में हुई है। वह अपनी बहन की 22 जून को होने वाली शादी के लिए हलवाई और टेंट बुक करने बिरसिंही गांव गया था। उसके साथ उसका 18 वर्षीय चचेरा भाई दीपक पुत्र ओमप्रकाश भी था। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम वापसी के दौरान बहुद्दीनपुर गांव के पास मोड़ पर अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक सड़क के नीचे खाई में जा गिरी, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को सीएचसी नवाबगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने राजू को मृत घोषित कर दिया, जबकि दीपक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अजगैन पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राजू की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक छा गया। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें 5 वर्षीय काव्या और 3 वर्षीय राज शामिल हैं। उसकी पत्नी सावित्री और मां राजकुमारी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घायल दीपक के पिता ओमप्रकाश ने बताया कि राजू की बहन रन्नो की शादी 22 जून को तय है। अजगैन कोतवाली प्रभारी सुरेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।
Source link
खाई में गिरी तेज रफ्तार बाइक, चचेरे भाई की मौत:उन्नाव में बहन की शादी के लिए हलवाई-टेंट बुक करने गया था, इलाज के दौरान दम तोड़ा