![]()
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल द्वारा 31 मई को बरेली में प्रदेश स्तरीय युवा व्यापारी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा व्यापारियों को संगठित करना, उन्हें व्यावसायिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता और बाजार की आधुनिक चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करना है। प्रेसवार्ता में प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि संगठन की स्थापना पंडित श्याम बिहारी मिश्रा ने व्यापारियों के हितों की रक्षा के उद्देश्य से की थी। यह संगठन आज प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के सबसे पुराने व्यापारी संगठनों में से एक है। उन्होंने यह भी बताया कि संगठन की इकाइयां प्रदेश के सभी जिलों, तहसीलों और नगर क्षेत्रों में सक्रिय हैं। स्पर्श रिजॉर्ट में होगा आयोजन प्रशिक्षण शिविर 31 मई को पीलीभीत बाईपास स्थित स्पर्श रिजॉर्ट में सुबह 10:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक पांच सत्रों में आयोजित होगा। इसमें प्रदेशभर से लगभग 400 युवा प्रतिनिधि भाग लेंगे। प्रशिक्षण के बाद शाम 5:00 बजे युवा प्रांतीय पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया जाएगा। शाम 8:00 बजे से बरेली के व्यापार जगत का एक बड़ा समागम होगा, जिसमें लगभग ढाई हजार व्यापारियों के शामिल होने की संभावना है। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच व्यक्तियों को “भामाशाह सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुनील सिंधी होंगे, जबकि अरुण कुमार अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। संजीव कुमार और डॉ. राघवेंद्र शर्मा विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शामिल होंगे। राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील सिंधी 1 जून को भी बरेली में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वे सुबह बीएल एग्रो सभागार में उद्यमियों से संवाद करेंगे। इसके बाद राजश्री मेडिकल कॉलेज में छात्र-छात्राओं को संबोधित करेंगे। शाम को उनकी प्रेस वार्ता और आईएमए हॉल में औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक होगी। आयोजकों के अनुसार, यह पूरा आयोजन युवा व्यापारियों को नई दिशा देने, उद्योग-व्यापार की चुनौतियों पर चर्चा करने और बरेली को औद्योगिक विकास के केंद्र के रूप में मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
Source link
युवा व्यापारियों का प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण शिविर बरेली में:31 मई को होगा आयोजन, 400 प्रतिनिधि शामिल होंगे