पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बस-ट्रैक्टर टक्कर, एक की मौत:सुल्तानपुर में 7 घायल, बस में 45 यात्री थे सवार


सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रविवार को एक सड़क हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए। यह घटना किलोमीटर 77.3 पर हुई, जहां एक बस ने ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद एक ट्रक भी बस से टकरा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैनपुरी निवासी रजनीश कुमार अपने भाई दुर्गेश कुमार के साथ ट्रैक्टर (यूपी 75 एके 6732) से कुमारगंज से मैनपुरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक बस (यूपी 12 बीटी 8581) ने उनके ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर बाहरी डिवाइडर पर जा गिरा। इस हादसे में बस और ट्रैक्टर दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। बस चालक मौके से फरार हो गया।
बस में लगभग 45 यात्री सवार थे। इसी दौरान, पीछे से आ रहे एक ट्रक (यूपी 78 एफएन 5803) ने भी बस को टक्कर मार दी और आगे निकल गया। यह ट्रक बाद में किलोमीटर 76 पर खड़ा पाया गया। ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मध्य डिवाइडर के किनारे पड़ा मिला। इस हादसे में बस में सवार चार यात्री घायल हुए हैं। इनमें बिहार के पूर्वी चंपारण निवासी प्रतिभा कुमारी, मोतिहारी निवासी पिंकी, दीनानाथ और राम प्रकाश तिवारी शामिल हैं। ट्रक चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। आकाश पुत्र शौकीन मलिक और रामचंद्र पुत्र रामनाथ सहित अन्य घायलों को एंबुलेंस से कुमारगंज के सौ शय्या अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने एक अज्ञात व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही सुरक्षा अधिकारी बृजपाल कनौजिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर सेफ्टी कोन की गाड़ी और हाइड्रा भी मौजूद थे। स्थानीय पुलिस और पीआरबी टीम ने भी स्थिति संभाली। हाइड्रा की मदद से क्षतिग्रस्त बस को टोल प्लाजा हलियापुर में खड़ा किया गया है। ट्रैक्टर मालिक ने बताया कि वे अपनी गाड़ी को क्रेन द्वारा मैनपुरी ले जाएंगे। किलोमीटर 76 पर खड़े ट्रक के पास सेफ्टी कोन लगाए गए हैं और यातायात सुचारु रूप से जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *