![]()
हाथरस में बकरीद पर्व के मद्देनजर शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आज जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने अधिकारियों के साथ बैठक की। यह बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारी पुलिस और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने और भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए। वत्स ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी कीमत पर नहीं होनी चाहिए और सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। उन्होंने कुर्बानी के बाद अवशेषों और रक्त का वैज्ञानिक एवं स्वच्छ तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। नमाज केवल मस्जिदों में ही अदा की जाएगी; सार्वजनिक स्थलों और सड़कों पर नमाज की अनुमति नहीं होगी। नमाज स्थलों के आसपास साफ-सफाई, जलापूर्ति और आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए पहले से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर निकायों और पंचायत विभाग को मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा प्रमुख स्थानों पर डस्टबिन और कूड़ा ट्रॉलियां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सूअर पालकों को भी नोटिस जारी कर उनके पशुओं को खुले में न छोड़ने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने और लोगों को शासन की गाइडलाइन से अवगत कराने का निर्देश दिया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन को भी निर्देश.. जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को उप जिलाधिकारी और पुलिस बल के साथ मिठाई, दूध, घी, तेल, मसाले और अन्य खाद्य पदार्थों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। मिलावट पाए जाने पर कठोर कार्रवाई करने और की गई कार्रवाई से अवगत कराने को कहा गया। जिला आबकारी अधिकारी को अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
Source link
हाथरस में बकरीद को लेकर डीएम-एसपी ने की बैठक:सड़क पर अदा नहीं होगी नमाज, सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी रहेगी प्रतिबंध