दुर्गा पूजा-रामलीला को लेकर प्रशासन अलर्ट, विसर्जन मार्ग होंगे दुरुस्त:DM ने अधिकारियों और आयोजन समितियों के साथ की बैठक; सुरक्षा, सफाई और यातायात व्यवस्था के दिए निर्देश


अयोध्या में आगामी दुर्गा पूजा, श्रीरामलीला और मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट सभागार में पुलिस अधिकारियों, संबंधित विभागों और दुर्गा पूजा व रामलीला समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने कहा कि सभी आयोजन स्थलों और विसर्जन मार्गों पर व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। विसर्जन मार्गों की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने के साथ पेड़ों और झाड़ियों की कटाई-छंटाई कराने के निर्देश दिए। मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। विसर्जन घाटों पर बैरिकेडिंग, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। नगर निकायों को आयोजन स्थलों और प्रमुख मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने कहा कि जरूरत वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। यातायात व्यवस्था के लिए भी पहले से रूट प्लान तैयार किया जाए, ताकि जुलूस और विसर्जन के दौरान लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने लाउडस्पीकर का इस्तेमाल निर्धारित मानकों के अनुसार करने और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं की निगरानी के निर्देश दिए। डीएम ने आयोजन समितियों से आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में सभी कार्यक्रम संपन्न कराने की अपील की।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *