संभल में बकरीद पर पुलिस-प्रशासन अलर्ट:5 जोन, 18 मजिस्ट्रेट तैनात, डीएम की चेतावनी- नई जगह कुर्बानी पर होगी कार्रवाई


संभल में बकरीद से पहले पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि परंपरा से हटकर किसी भी नई व्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून के विरुद्ध कुर्बानी करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने बताया कि बकरीद का पर्व 28, 29 और 30 जून को मनाया जाएगा। पर्व की तैयारियों को लेकर पीस कमेटी की बैठक की गई, जिसमें मुस्लिम धर्मगुरु भी शामिल हुए। बैठक में यह संदेश दिया गया कि कुर्बानी और नमाज पारंपरिक स्थानों पर ही की जाए। परंपरा से हटकर कोई नई व्यवस्था शुरू न की जाए। डीएम ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने और प्रशासन व पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि पर्व को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन ने आवारा पशुओं और कुत्तों को कुर्बानी स्थलों के आसपास घूमने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग के निर्देश दिए हैं। कुर्बानी के बाद अवशेषों के निस्तारण के लिए नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को अतिरिक्त वाहन लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर संभल जिले को पांच जोन में बांटा गया है। 18 स्थानों पर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। थानों के अलावा संवेदनशील गांवों और नगर पालिका क्षेत्रों में भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। गाय या ऊंट जैसे प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर जिलाधिकारी ने कहा कि केवल कानूनी रूप से वैध पशुओं की ही कुर्बानी की अनुमति है। यदि कोई इसका उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सोशल मीडिया नेटवर्क को भी सक्रिय कर दिया है। टीमें लगातार निगरानी रख रही हैं और छोटी से छोटी घटना पर भी नजर रखी जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *