![]()
ललितपुर में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए सभी आंगनवाड़ी केंद्र 15 जून तक बंद कर दिए गए हैं। यह निर्णय जिलाधिकारी के निर्देश पर लिया गया है, जिसका उद्देश्य 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को अत्यधिक तापमान और ग्रीष्म लू (हीट वेव) से बचाना है। जिला कार्यक्रम अधिकारी नीरज कुमार सिंह ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के तहत संचालित विद्यालयों और मान्यता प्राप्त बेसिक विद्यालयों में भी 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश निर्धारित है। लू से बचाव के लिए कोई विशेष साधन उपलब्ध नहीं जनपद के अधिकांश आंगनवाड़ी केंद्र प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के परिसर में ही संचालित होते हैं। इन केंद्रों पर आने वाले बच्चे छोटे होते हैं और आंगनवाड़ी केंद्रों पर अत्यधिक तापमान एवं ग्रीष्म लू से बचाव के लिए कोई विशेष साधन उपलब्ध नहीं हैं। अवकाश की इस अवधि में 3 से 6 वर्ष आयु के बच्चों की केंद्र पर उपस्थिति नहीं होगी। हालांकि, सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अपने केंद्रों पर उपस्थित रहेंगी और पोषण ट्रैकर ऐप पर नियमित रूप से कार्य करेंगी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं लाभार्थियों का रजिस्ट्रेशन, अनुपूरक पुष्टाहार वितरण, वजन और गृह भ्रमण सहित समुदाय आधारित गतिविधियों तथा अन्य शासकीय कार्यों का निष्पादन पहले की तरह करती रहेंगी।
Source link
ललितपुर में भीषण गर्मी, आंगनवाड़ी केंद्र 15 जून तक बंद:डीएम के निर्देश पर बच्चों की सुरक्षा के लिए फैसला